Read Time:4 Minute, 25 Second
दमण-दीव संसदीय चुनाव में भाजपा के प्रदर्शन को प्रभावित करने वाले भाजपाइयों को भाजपा से करें निष्कासित : केशव बटाक
- केशव बटाक ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे. पी. नड्डा को लिखा पत्र, प्रदेश प्रभारी की निगरानी में दोषियों की पहचान कर निष्कासन का दिया मशवरा
समाजसेवी केशव बटाक ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे. पी. नड्डा को पत्र लिख कर दमण-दीव संसदीय चुनाव में भाजपा के प्रदर्शन को प्रभावित करने वाले भाजपाइयों को भाजपा से निष्कासित करने की माँग की है। केशव बटाक ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे. पी. नड्डा को भेजे पत्र में लिखा है कि राष्ट्रहितैषी और स्वहितैषी शक्तियों के लोकतांत्रिक समर में चरणबद्ध मतदान के निपटते जाने के साथ ही भाजपा को नुकसान पहुँचाने वालों की पहचान कर उन्हें भाजपा से निष्कासित करने का समय आ गया है। दानह और दमण-दीव के दोनों ही संसदीय क्षेत्रों में ७ मई को मतदान संपन्न हो चुका है। इन दोनों ही संसदीय क्षेत्रों में भाजपा के प्रदर्शन को प्रभावित करने वाले भाजपाइयों की पहचान प्रदेश प्रभारी के मंतव्यानुसार व निगरानी में सुनिश्चित करनी चाहिए, ऐसा लोग चाहते हैं। दानह एवं दमण-दीव पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी की विशेष कृपादृष्टि रही है। मोदी सरकार के १० वर्षों में थ्रीडी संघ प्रदेश में बहुतों ऐतिहासिक विकास कार्य हुए हैं। इन्हीं विकास कार्यों और मोदी-शाह के करिश्मे के भरोसे थ्रीडी भाजपाइयों के बैठे रहने से दमण-दीव में नैया डगमगा गई। थ्रीडी भाजपा ने ‘डेवलपमेंट के लोकल फैक्टर’ के असरग्रस्तों को उबारने की जो तत्परता ५ मई की प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिखाई थी वही यदि चुनाव प्रचार में दिखाई होती तो दमण-दीव में भाजपा की नैया यूं नहीं डगमगाती। केशव बटाक ने जे. पी. नड्डा को लिखा कि मैंने आपको ८ अप्रैल को भेजे पत्र में भी दानह-दमण-दीव की भू-राजनैतिक परिस्थितियों और थ्रीडी भाजपा नेतृत्व की खामियों से अवगत कराया था। तभी यथोचित कदम उठाए जाते तो दमण-दीव में नैया डगमग नहीं होती। सरसंधान का वक्त गुजरा। अब अदा की गई भूमिकाओं की समीक्षा का समय है। थ्रीडी भाजपा के जिन पदाधिकारियों की कारगुजारियों और भूमिकाओं से दमण-दीव में भाजपा का प्रदर्शन प्रभावित हुआ उन्हें भाजपा से बाहर का दरवाजा दिखाया जाना चाहिए। नहीं तो ये पक्षभूषण अगले वर्ष मार्च-अप्रैल में संभावित ग्राम पंचायतों और जिला पंचायतों के चुनावों में पक्का भाजपा की लुटिया डुबोएंगे। केशव बटाक ने प्रेस बयान में कहा कि दमण-दीववासियों ने हमेशा मोदी जी का साथ दिया है। मगर विकास के स्थानीय कारकों से उपजी परिस्थितियों से उत्पन्न हालातों से थ्रीडी भाजपा के पदाधिकारी लोगों को समझा पाने में विफल रहे। असल में थ्रीडी भाजपाइयों ने लोगों को मनाने का प्रयास ही नहीं किया। बस पदों से चिपके स्वहित पूर्ति में लगे रहे। नतीजन दमण-दीव में भाजपा का प्रदर्शन प्रभावित हुआ।
लि.
केशव बटाक,
( सामाजिक कार्यकर्ता, दमण)
